निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के कुर्मिनखेड़ा मजरा उतरावां में शराब के नशे में बाइक चला रहे एक युवक द्वारा ग्रामीण को टक्कर मारने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। वही पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुर्मिनखेड़ा मजरा उतरावां निवासी रामशरन पुत्र स्वर्गीय रामबहादुर ने निगोहां थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह गांव की दुकान से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान गांव की ओर तेज रफ्तार से आ रहे शिवेंद्र पुत्र स्वर्गीय श्री नारायण ने शराब के नशे में अपनी मोटरसाइकिल UP32जे वाई 4666 से उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।आरोप है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी ने बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों से मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं, उसने पीड़ित के बाल पकड़कर उसका मुंह सड़क पर रगड़ दिया, जिससे जबड़े सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।पीड़ित की शिकायत पर निगोहां पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
