मृतक की बहनों ने दो गाँव के ही दो युवकों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप, नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग……
नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के कुबहरा में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के रहने वाले युवक ने घर के पास स्थित नीम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर नगराम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सनेही पुत्र स्वर्गीय सुखराम निवासी ग्राम कुबहरा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सनेही के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी नेत्रहीन मां सरोजनी के साथ वह रहता था। उसकी तीन बहनें सन्नो, ऊषा और निशा हैं, जिनका विवाह हो चुका है। घर में केवल मां और बेटा ही रहते थे।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतक की बहनों ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बहनों का आरोप है कि दोनों युवक सनेही को लगातार प्रताड़ित और मानसिक रूप से परेशान करते थे, जिससे वह तनाव में रहता था। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार सनेही शांत और सरल स्वभाव का युवक था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतक की बहनों द्वारा दी गई नामजद तहरीर भी प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर सभी आरोपों और अन्य सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है।
