निगोहा, लखनऊ। निगोहा क्षेत्र में किसानों की लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए शारदा नहर खंड-दो द्वारा कांटा ड्रेन की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। यह ड्रेन मीरखनगर होते हुए नदौली स्थित इंटरनेशनल ड्रेन में जाकर मिलती है। सफाई कार्य के दौरान कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, लेकिन राजस्व विभाग की पहल से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।जानकारी के अनुसार, मीरखनगर निवासी रामू वर्मा ने जेसीबी मशीन से चल रहे सफाई कार्य को रुकवा दिया। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के लेखपाल तथा राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने मौके पर भूमि की नाप-जोख कर स्थिति स्पष्ट की, जिसके बाद जेसीबी मशीन से ड्रेन की सफाई का कार्य पुनः शुरू करा दिया गया।ड्रेन की सफाई दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली। किसानों का कहना है कि बरसात के मौसम में ड्रेन की नियमित सफाई न होने से खेतों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है, जिससे फसलों को नुकसान उठाना पड़ता है। समय रहते सफाई कार्य पूरा होने से अब वर्षा का पानी आसानी से निकल सकेगा और खेती-किसानी को लाभ मिलेगा।इस दौरान उपस्थित किसानों ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों, राजस्व विभाग के अधिकारियों तथा नहर विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से विवाद का समाधान हुआ और विकास कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सका।मौके पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के लखनऊ मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, अवधेश शुक्ला, देशराज, बद्री विशाल बाजपेई, राजेश सिंह, सत्यनारायण, रामपाल राजपूत, कृष्ण पाल सिंह, रामकुमार वर्मा, धर्मेन्द्र सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।
