मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज विकास खंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को भावुक माहौल के बीच पैंतीस वर्षों की उत्कृष्ट, निष्कलंक एवं समर्पित प्रशासनिक सेवा पूर्ण करने के उपरांत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हरेन्द्र सिंह को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके दीर्घ सेवाकाल का सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी शिव कुमार ने कहा कि हरेन्द्र सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली हमेशा अनुकरणीय रही और उन्होंने विकास खंड कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ उन्होंने कर्मचारियों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिसके कारण वे सभी के बीच सम्मानित रहे।
ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने कहा कि हरेन्द्र सिंह का सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग पहचान दिलाता है। उन्होंने अपने अनुभव और व्यवहार से हमेशा सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया। अध्यक्ष प्रधान संघ देवेन्द्र सिंह ने कहा कि हरेन्द्र सिंह ने अपने प्रशासनिक जीवन में निष्पक्षता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए प्रत्येक दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया, जो आने वाली पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।निगोहा व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, सहायक विकास अधिकारी पंचायत।अशोक यादव, प्रधान अभय कांत दीक्षित, सूर्य कुमार द्विवेदी, अभिषेक दीक्षित, शैलेंद्र पाल, सुरेश कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने संबोधन में हरेन्द्र सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया और सभी कर्मचारियों को परिवार की तरह साथ लेकर चले। उनका प्रशासनिक अनुभव, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण लंबे समय तक याद रखा जाएगा।समारोह के दौरान कार्यालय परिवार की ओर से मोहित दीक्षित, अभिषेक सिंह, शुभम मिश्रा, संदीप यादव, शशांक शुक्ला सहित समस्त कर्मचारियों ने हरेन्द्र सिंह का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान कई कर्मचारी भावुक भी नजर आए और उनके साथ बिताए गए वर्षों के अनुभव साझा किए।
अपने विदाई संबोधन में हरेन्द्र सिंह ने सभी।जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने पूरे सेवाकाल में जो सम्मान, सहयोग और स्नेह मिला, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि मोहनलालगंज में बिताए गए वर्षों की मधुर स्मृतियां और यहां के लोगों का अपनापन जीवनभर उनके साथ रहेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
विदाई समारोह का समापन भावनात्मक माहौल में हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने हरेन्द्र सिंह के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना करते हुए उनके दीर्घ एवं सफल सेवाकाल को यादगार बताया।
