निगोहां, लखनऊ। निगोहां कस्बे में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो ट्रक में फंस गया और करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगोहां कस्बे के मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ऑटो से भिड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया और चालक ट्रक को रोकने के बजाय काफी दूर तक वाहन को घसीटता चला गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।हादसे में ऑटो चालक अंशू चौरसिया तथा ऑटो में सवार मोहम्मद जमील उर्फ बब्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल मोहनलालगंज क्षेत्र के बेरीसालपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही निगोहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टोल एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निगोहां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ऑटो चालक अंशू चौरसिया की हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त ऑटो और ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
निगोहां पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
