पीजीआई।लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। झटपट पोर्टल के माध्यम से घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ता को निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद भी नया कनेक्शन नहीं मिल सका है। इससे उपभोक्ता को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार, पीजीआई क्षेत्र के एक उपभोक्ता ने 29 जून 2026 को झटपट पोर्टल के माध्यम से 2 किलोवाट घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आवेदन की रसीद भी उसी दिन जारी कर दी गई, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो बिजली कनेक्शन जारी किया गया और न ही विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आवश्यक साइट निरीक्षण रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की गई।उपभोक्ता का कहना है कि झटपट योजना के तहत दो किलोवाट तक के घरेलू बिजली कनेक्शन निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के कारण प्रक्रिया लंबित पड़ी हुई है, जिससे उपभोक्ता को अनावश्यक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि ऑनलाइन आवेदन के बाद भी समय पर कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है, तो झटपट पोर्टल की व्यवस्था का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर लंबित आवेदन का शीघ्र निस्तारण कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली की समीक्षा करने की मांग की है।
