एडीएम के निर्देश परछह सौ मीटर कमालपुर विचिलखा-कुबहरा मार्ग निर्माण का रास्ता साफ……
मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज तहसील में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार तहसील दिवस में शिकायतें और प्रार्थना पत्र देने के बावजूद संबंधित विभाग कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करते हैं। उल्टा कई विभाग झूठी और भ्रामक आख्या लगाकर शिकायतों का निस्तारण दिखा देते हैं, जिससे ग्रामीणों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।धरने की सूचना पर अपर जिलाधिकारी आपूर्ति उपजिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि कमालपुर विचिलखा से कुबहरा तक लगभग छह सौ मीटर कच्चे मार्ग के निर्माण एवं डामरीकरण के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन विकास खंड स्तर से यह कहकर मामला टाल दिया गया कि भूमि वन विभाग की है। इस कारण वर्षों से ग्रामीणों को बदहाल मार्ग से आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष की ओर से अधिकारियों को पांच सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा गया। संगठन का कहना था कि इन मांगों को लेकर भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन किसी भी बिंदु पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज किसानों और संगठन के पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल वन विभाग के प्रतिनिधि को बुलाया। मौके पर केवल फॉरेस्ट गार्ड के पहुंचने पर अपर जिलाधिकारी आपूर्ति ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि वन विभाग से एनओसी प्राप्त होते ही कमालपुर विचिलखा से कुबहरा तक छह सौ मीटर कच्चे मार्ग का डामरीकरण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।
धरना-प्रदर्शन में संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रताप बहादुर, प्रदेश सचिव दिनेश यादव, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला महामंत्री राम सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश यादव सहित राम कुमार यादव, अरविंद कुमार, पुनवासी एवं दर्जनों किसान मौजूद रहे।
