मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के अहमद खेड़ा गांव में बाग में महुवा पेड़ के गुल्लू बीनने गई एक युवती से दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के अहमद खेड़ा गांव निवासी रूपाली पुत्री अशोक कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि रविवार देर रात वह अपने घर के पास स्थित बाग में गुल्लू बीनने गई थी। आरोप है कि उसी दौरान गांव की मईका देवी पत्नी जामवंत, उनकी पुत्री कंचन तथा पुत्र दिलीप कुमार वहां पहुंच गए और उसे भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान दिलीप कुमार ने उसके सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।घटना की सूचना मिलने पर मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इंस्पेक्टर मोहनलालगंज रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
