मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज। कोतवाली क्षेत्र के अतरौली गाँव में रास्ते में बाइक रोककर एक युवक के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज के अतरौली निवासी भल्लू पुत्र स्वर्गीय मुन्ना ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह बीते शनिवार को शाम को अपने गांव के ही कुलदीप पुत्र मंशाराम के साथ मोटरसाइकिल से भोलाखेड़ा, मजरा अतरौली स्थित अपने निजी कार्य से जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद शनि पुत्र गया प्रसाद, पद्दी पुत्र छबीले निवासी ग्राम अतरौली तथा पुच्ची पुत्र राम सेवक निवासी ग्राम भोलाखेड़ा, मजरा अतरौली ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवा ली।पीड़ित का आरोप है कि बाइक रुकवाने के बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों के पहुंचने से मामला शांत हुआ। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि “इस बार तो बचकर भाग गए, दोबारा मिले तो जान से मार देंगे।मारपीट की घटना में भल्लू को गंभीर चोटें आने का दावा किया गया है। घटना के बाद पीड़ित ने थाना मोहनलालगंज पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है।इंस्पेक्टर मोहनलालगंज रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
