आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी मोहनलालगंज पुलिस….
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी चौकी के केसरीखेड़ा गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 70 वर्षीय वृद्ध का शव उसके घर के बरामदे में रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार, ग्राम केसरीखेड़ा निवासी 70 वर्षीय रजऊ रावत पुत्र स्वर्गीय लोढ़ा मंगलवार रात अपने घर के बरामदे में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर लटक गए। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे परिजनों की नजर उन पर पड़ी। मृतक के पुत्र गणेश ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य संकलित कर पंचायतनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, रजऊ रावत शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि,प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
