मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे में इन दिनों लकड़ियों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम सड़कों पर फर्राटा भरती नजर आ रही हैं। हैरत की बात यह है कि ये वाहन पुलिस चौकी के सामने से भी बिना किसी रोक-टोक के गुजर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।मोहनलालगंज कस्बे के व्यापारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और पुलिस की है, लेकिन इसके बावजूद लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगातार नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर दौड़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि इन वाहनों से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, वहीं सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं।कस्बे में चर्चा है कि कुछ लकड़ी ठेकेदार अपने प्रभाव के चलते बिना किसी कार्रवाई के वाहनों का संचालन करा रहे हैं। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि ठेकेदार खुलेआम कहते हैं कि पुलिस को नियमित रूप से “माहवारी” दी जाती है, इसलिए उनकी गाड़ियों को कोई नहीं रोकता। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।मोहनलालगंज कस्बा वासियों का कहना है कि यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।कस्बे के लोगों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है तो संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई कर लोगों का भरोसा कायम करना चाहिए।
