मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के डेवरिया स्थित एक पेट्रोल पंप पर मोबाइल चार्ज करने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार ग्राम मीनापुर निवासी रामू तिवारी पुत्र छेदा लाल ने मोहनलालगंज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार की शाम वह डेवरिया स्थित पेट्रोल पंप पर मौजूद था। इसी दौरान अरुण यादव पुत्र प्रकाश यादव निवासी रामादेई खेड़ा, थाना निगोहा ने अपना मोबाइल चार्ज करने के लिए लगाने का प्रयास किया। जब रामू तिवारी ने मोबाइल चार्ज करने से मना किया तो आरोपी कथित रूप से आगबबूला हो गया।आरोप है कि इस बात से नाराज होकर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर रामू तिवारी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।तहरीर के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपी अरुण यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।मोहनलालगंज थाना प्रभारी राम बाबू सिंह ने बताया कि, “पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
