इन्हौना (अमेठी)। आमतौर पर पुलिस की पहचान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण से जुड़ी होती है, लेकिन इन्हौना के थाना प्रभारी विवेक सिंह ने एक ऐसी पहल की है, जिसकी क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। उन्होंने थाना परिसर में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर का निर्माण कराकर धार्मिक आस्था के प्रति अपनी श्रद्धा का परिचय दिया। मंदिर निर्माण के बाद बुधवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।सुबह 9:00 बजे थाना परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा रत्नेश्वर मंदिर, इन्हौना चौराहा और ज्वाला देवी मंदिर होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष लगाए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।शोभायात्रा के दौरान थाना प्रभारी विवेक सिंह स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ उपनिरीक्षक छबीनाथ यादव, कृष्ण मोहन मिश्रा, सुधीर कुमार, अनिल कुमार द्विवेदी सहित कांस्टेबल अभिषेक यादव, मंजेश यादव, अंकित यादव, अंगेश एवं अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन में सक्रिय रहे।गौरतलब है कि जब इन्हौना पुलिस चौकी थी, तब तत्कालीन चौकी प्रभारी बी.डी. यादव ने परिसर में शिव मंदिर का निर्माण कराया था। अब थाना प्रभारी विवेक सिंह ने दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर का निर्माण कर उस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहल केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आस्था और जुड़ाव का प्रतीक भी है।कार्यक्रम में समाजसेवी राम किशोर त्रिवेदी (बब्लू भैया), शिरीष गुप्ता, तेज नारायण मिश्रा, सियाराम दत्त मिश्रा, रिंकू सिंह, बच्चू लाल, राजेश मौर्य, जिला पंचायत सदस्य विकास यादव, मनीष गुप्ता, अनलेश साहू, सुनील पासी, मन्नू त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
