मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कुढ़ा निवासी युवक के मोबाइल को हैक कर उसके बैंक खातों से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकाल लेने के मामले में आखिरकार मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि वह करीब एक माह तक न्याय के लिए मोहनलालगंज कोतवाली के चक्कर लगाता रहा और पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई।पीड़ित संदीप कुमार पुत्र रामनिधि के अनुसार, बीते पांच जून से इक्कीस जून के बीच अज्ञात साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर दोनों बैंक खातों से अलग-अलग ऑनलाइन माध्यम से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
पीड़ित का कहना है कि लगातार अधिकारियों से शिकायत और गुहार लगाने के बाद मोहनलालगंज पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। मामले में मोबाइल नंबर 9204673104 के धारक अज्ञात व्यक्ति पर संदेह जताया गया है।वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच-पड़ताल की गई। प्रारंभिक जांच में तथ्यों की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार साइबर ठगी से जुड़े तकनीकी साक्ष्य, बैंक खातों की ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
