नगराम, लखनऊ। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले सोमवार को इस्माइल नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में लालगंज रजबहा एवं हुसेनाबाद अल्पिका की हेड सफाई की मांग को लेकर किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने किया। किसानों ने समय पर नहरों की सफाई न होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने और खेतों तक पर्याप्त पानी न पहुंचने की समस्या उठाई।धरने की सूचना पर सिंचाई विभाग के अवर अभियंता महेश प्रसाद अपनी टीम और सींचपालों के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों और विभागीय अधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद सहमति बनी कि लालगंज रजबहा के एक किलोमीटर तथा हुसेनाबाद अल्पिका के एक किलोमीटर हिस्से की हेड सफाई का कार्य तत्काल शुरू कराया जाएगा। इसके लिए एक पोकलेन मशीन और एक जेसीबी मशीन लगाई गई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि दोनों स्थानों पर सफाई का कार्य अगले दो दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।वार्ता के दौरान किसानों ने मांग उठाई कि नहरों की हेड सफाई प्रत्येक वर्ष जून माह में नियमित रूप से कराई जाए, ताकि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सके। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भविष्य में समयबद्ध सफाई कराने का आश्वासन दिया।इसके अलावा किसानों ने लालगंज रजबहा में इस्माइल नगर के पास टेल फॉल निर्माण की मांग भी रखी। विभागीय अधिकारियों ने अगले वर्ष टेल फॉल का निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा।विभाग की ओर से मांगों पर सहमति और कार्य शुरू होने के बाद संगठन के प्रदेश सचिव दिनेश यादव के निर्देश पर धरना समाप्त कर दिया गया।धरने में प्रदेश सचिव दिनेश यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष रमेश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कुमार, ब्लॉक महामंत्री पवन कुमार, राम कुमार, रमेश कुमार, कांशीराम, अखिलेश, राम प्रकाश, रामपाल, अरविंद रावत, मंशाराम पाल सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
