निगोहां। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन दक्षिणी द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन किरण” के तहत थाना निगोहां पुलिस ने एक पारिवारिक विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कर एक परिवार को टूटने से बचा लिया।
एसओ निगोहां रवींद्र कुमार के अनुसार पुलिस उपायुक्त, जोन दक्षिणी के निर्देश पर थाना निगोहां में एक पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद की काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों की बातों को धैर्यपूर्वक सुना और उनके बीच आपसी संवाद स्थापित कराया।
समझाइश और सकारात्मक परामर्श के बाद दोनों पक्ष अपने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने के लिए राजी हो गए। थाना निगोहां पुलिस ने दोनों का सुलह-समझौता कराते हुए उन्हें आपसी प्रेम, सौहार्द और विश्वास के साथ नया जीवन शुरू करने की सलाह देकर कुशलतापूर्वक घर रवाना किया।
——–क्या है “ऑपरेशन किरण”——-
“ऑपरेशन किरण” पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में चलाया जा रहा अभियान है। इसका उद्देश्य संवाद, काउंसलिंग और आपसी सहमति के माध्यम से पारिवारिक विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना, आपसी समझ बढ़ाना और घरों में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाना है।
