रायबरेली। लगातार हो रही बिजली कटौती एवं विद्युत रोस्टिंग से परेशान क्षेत्रवासियों ने शनिवार रात्रि लगभग 9:30 बजे अभिनव तिवारी ‘संगम’ के नेतृत्व में सरेनी विद्युत उपकेंद्र (पावर हाउस) का घेराव कर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना था कि चौथी बार विद्युत रोस्टिंग का संदेश आने के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक पावर हाउस पहुंच गए। मौके पर केवल एक कर्मचारी मौजूद मिला। उच्च अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकांश अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद मिले।
सूचना मिलने पर प्रशासन एवं स्थानीय पत्रकार मौके पर पहुंचे। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद प्रशासन ने अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह से अभिनव तिवारी ‘संगम’ की बातचीत कराई।
वार्ता के दौरान अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि रात्रि में पावर हाउस पर एक के स्थान पर तीन कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। पावर हाउस की साफ-सफाई की व्यवस्था कराई जाएगी, शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा विद्युत रोस्टिंग एवं आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सक्षम अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आश्वासन के बाद अभिनव तिवारी ‘संगम’ ने प्रशासन का सहयोग करते हुए प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर विद्युत व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो क्षेत्रीय ग्रामीणों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के साथ धरना-प्रदर्शन, आमरण अनशन तथा अन्य लोकतांत्रिक आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त जिम्मेदारी बिजली विभाग एवं प्रशासन की होगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे
