सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक की बहन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव निवासी 35 वर्षीय अमित कुमार शुक्ला बुधवार की सुबह करीब 8:45 बजे सिसेंडी बाजार से पैदल अपने घर लौट रहे थे। जब वह सिसेंडी-कालूखेड़ा मार्ग पर राजा साहब के वेयरहाउस के सामने पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल अमित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की बहन कंचन शुक्ला, निवासी ब्रह्मदासपुर, ने घटना के संबंध में मोहनलालगंज थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुक्रवार को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि मृतक की बहन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
