नगराम।लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र में प्रेस्बिटेरियन मिशन फील्ड की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जा करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मा. न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम लखनऊ के आदेश के अनुपालन में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले के वादी शिवम सिंह पुत्र शिवनाथ सिंह, निवासी तरगांव, जनपद उन्नाव ने आरोप लगाया है कि नगराम थाना क्षेत्र के असलीगढ़ी स्थित प्रेस्बिटेरियन मिशन फील्ड की संपत्ति एवं भवन, जिसके वह अधिकृत स्वामी हैं, पर विपक्षीगणों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।इस मामले में पुलिस ने जितेन्द्र पुत्र सुरेश सिंह, सुधाकर सिंह उर्फ सुधर पुत्र शिवराज सिंह, विशाल, नेहा सिंह, बिन्देश्वरी सिंह, राजेश्वरी सिंह तथा नंदनी सिंह, सभी निवासी ग्राम असलीगढ़ी, थाना नगराम, जनपद लखनऊ को नामजद किया है।पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना रविवार को सुबह दर्ज की गई। घटना स्थल असलीगढ़ी गांव में बताया गया है। मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर को सौंपी गई है।नगराम पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर नकल चिक एवं नकल रपट तैयार कर विवेचक को उपलब्ध करा दी गई है। मामले में साक्ष्य संकलन सहित अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
