नगराम, लखनऊ। नगराम थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों अभियुक्त काफी समय से न्यायालय में निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं हो रहे थे, जिसके चलते उनके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार, थाना नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने रविवार को ग्राम दुल्हापुर हुसैनाबाद में दबिश देकर वारंटी अभियुक्त सत्यनाम रावत पुत्र हरीराम तथा दिनेश कुमार गोस्वामी पुत्र भोला गोस्वामी को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।दोनों अभियुक्त संबंधित धाराओं के मामले में न्यायालय में लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। न्यायालय द्वारा जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राम हरीश यादव एवं कांस्टेबल सुजीत कुमार शामिल रहे।थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले वारंटियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी अभियुक्त को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे सभी वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
