रायबरेली/लालगंज – आज लालगंज में वीरा पासी चौक पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष जितेंद्र द्विवेदी ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदर्शन में गौरव पटेल,न्याय पंचायत अध्यक्ष, सागरखेड़ा, फारूक राना सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार को इस पर कठोर कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची लालगंज पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर धरना समाप्त करने का आग्रह किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे युवाओं के हितों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेंगे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि वे युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।
