लखनऊ, निगोहा थाना क्षेत्र के दखिना शेखपुर गांव का रहने वाला युवक अमरजीत रोज़ की तरह ऑटो से मजदूरी करने निकला था। पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली के पास ऑटो और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमरजीत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अमरजीत की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने बुजुर्ग दादा जागेश्वर और बड़े भाई अमित के साथ रहता था तथा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से गांव में शोक की लहर है।
