सर्पदंश से कक्षा आठ की छात्रा की इलाज के दौरान मौत…..
निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में शनिवार देर रात घर में सो रही कक्षा आठ की छात्रा की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।भैरमपुर निवासी 15वर्षीय मनीषा सोनी शनिवार रात अपनी मां रीना सोनी और बड़ी बहन निशा के साथ घर में एक ही तख्त पर सो रही थी। परिजनों के अनुसार रात करीब 12 बजे किसी जहरीले सांप ने मनीषा के बाएं कान पर डस लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन तत्काल उसे मोहनलालगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सर्पदंश का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पहले पिता और भाई को भी खो चुका है परिवार…..मनीषा के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है। उसके पिता सुनील सोनी का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है, जबकि लगभग एक वर्ष पहले उसके भाई यश की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। अब मनीषा की मौत के बाद परिवार में उसकी मां रीना सोनी और बड़ी बहन निशा ही रह गई हैं।मृतका मनीषा मीरक नगर स्थित जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से विद्यालय के शिक्षकों, सहपाठियों और पूरे गांव में शोक की लहर है।
