मोहनलालगंज पुलिस ने सिसेंडी में बेशकीमती जमीन के फर्जीवाड़े में आजमगढ़ से आरोपी को किया गिरफ्तार……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी गांव में करोड़ों रुपये के चर्चित जमीन फर्जीवाड़े में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। किसान बनकर बेशकीमती कृषि के लायक जमीन का फर्जी बैनामा कराने वाले आरोपी को पुलिस ने आजमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसे फर्जी किसान बनाकर जमीन के बैनामे कराने के एवज में मात्र पन्द्रह हजार रुपये दिए गए थे, जबकि जिन जमीनों के बैनामे कराए गए उनकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों और रसूखदार लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।पुलिस के अनुसार सिसेंडी निवासी आशीष कुमार गुप्ता की शिकायत पर जांच शुरू की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव की विभिन्न गाटा संख्याओं की कृषि भूमि राजस्व अभिलेखों में सुरेश कुमार के नाम दर्ज है, लेकिन उसी भूमि के कुछ हिस्सों का फर्जी व्यक्ति के माध्यम से दूसरे लोगों के नाम बैनामा करा दिया गया।प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने सिसेंडी गांव के पूर्व प्रधान राजेश कुमार जायसवाल, उनके पुत्र अमन जायसवाल, सन्नो खान, मोहम्मद इजहार खान, वीरेंद्र वर्मा, सुनील कुमार, वासु शुक्ला तथा खुद को सुरेश कुमार बताने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि असली सुरेश कुमार की जगह रस्तीपुर, थाना श्रवण, जनपद आजमगढ़ निवासी हरीलाल को फर्जी किसान बनाकर बैनामे कराए गए थे। इसके बाद मोहनलालगंज पुलिस की टीम ने आजमगढ़ पहुंचकर हरीलाल को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए मोहनलालगंज लाई।पूछताछ में हरीलाल ने पुलिस को बताया कि सिसेंडी के पूर्व प्रधान राजेश कुमार जायसवाल के कहने पर और रुपयों का लालच देकर उससे फर्जी बैनामों पर हस्ताक्षर कराए गए। उसने बताया कि पूरे खेल में उसे केवल पन्द्रह हजार रुपये मिले, जबकि जिन जमीनों के बैनामे हुए उनकी वास्तविक कीमत करोड़ों रुपये है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि अब तक वह छह जमीनों के फर्जी बैनामों पर हस्ताक्षर कर चुका है।
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान हरीलाल ने इस फर्जीवाड़े में शामिल कुछ अन्य प्रभावशाली लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस इन जानकारियों का सत्यापन कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि, “सिसेंडी जमीन फर्जीवाड़ा प्रकरण में एक आरोपी हरीलाल को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।”पुलिस का मानना है कि विवेचना आगे बढ़ने के साथ इस जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल मामले में आर्थिक लेन-देन, दस्तावेजों की सत्यता तथा बैनामों में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
