पर्यावरण संरक्षण गतिविधि (पीएसजी) की विभागीय बैठक रविवार को प्रकृति भारती, मोहनलालगंज में आयोजित हुई। बैठक में रायबरेली, लालगंज और लखनऊ जिले के पदाधिकारियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की।
बैठक का शुभारंभ धार्मिक प्रमुख रितेश राय ने शांति पाठ से किया। इसके बाद सभी पदाधिकारियों ने तुलसी के पौधे को जल अर्पित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पीएसजी के अखिल भारतीय सदस्य एवं अवध प्रांत के प्रांत सह-संयोजक ललित जी ने संगठन की कार्यप्रणाली, संरचना, विभिन्न आयामों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एसपीसी-2026, प्रकृति वंदन और हरित कांवड़ यात्रा जैसे अभियानों में विभाग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रांत के शैक्षणिक संस्थान प्रमुख डॉ. आशीष मिश्रा ने नेशनल स्टूडेंट पर्यावरण प्रतियोगिता (एनएसपीसी-2026) की अब तक की प्रगति बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों और विद्यालयों में अधिक से अधिक छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान नेशनल एनवायरनमेंट यूथ
पार्लियामेंट-2022 में मोहनलालगंज से चयनित प्रतिभागी श्रीमती सोनम यादव को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ने की अपील की।
विभाग संयोजक पुरुषोत्तम जी ने “शुरुआत अपने घर से” का संदेश देते हुए प्रत्येक परिवार को हरित घर बनाने की आवश्यकता बताई। पेड़ प्रमुख राजेश जी ने जीवन में वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक शुभ अवसर पर पौधरोपण करने का आह्वान किया।बैठक के समापन पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सिंदूर, पुष्प एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर राम मनोहर, वरुण द्विवेदी, नृपेंद्र मिश्रा, रितेश राय, अभिषेक, राजेश रावत, अजय पाल, पवन सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रहरी मौजूद रहे।
