निगोहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच, थाना प्रभारी बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई…..
निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। तीनों मामलों में पुलिस ने कुल नौ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पहली घटना भोला खेड़ा मजरा उतरावां गांव की है। यहां की रहने वाली श्रीमती राजरानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात फरवरी की शाम करीब चार बजे वह अपने खेत में जानवरों के लिए घास लेने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान जमीनी विवाद को लेकर पहले से चली आ रही रंजिश के कारण गांव शिवपुरा निवासी आशाराम, मुकेश, अंकुश और मिथलेश वहां पहुंच गए। आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों तथा घूंसों से मारपीट कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे उनके बेटे कुलदीप के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की, जिससे मां-बेटे घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना बकतौरी खेड़ा गांव की है। यहां निवासी संगम ने पुलिस को बताया कि छह फरवरी की रात गांव के हेमराज, शैलेन्द्र और राम सजीवन ने बिना किसी ठोस कारण के उनके परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट कर दी। घटना में संगम, उनकी पत्नी रीमा तथा पुत्री महक घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
तीसरा मामला शेरपुर लवल गांव का है। यहां की रहने वाली राजवती ने आरोप लगाया कि गांव के कृष्णपाल, चन्दन और अनीता ने चकबंदी के दौरान बनी खेत की मेड़ गिरा दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर निगोहां पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।निगोहां थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि तीनों मामलों में प्राप्त तहरीरों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
