पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने स्व. सत्यदेव सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि….
—-भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
मोहनलालगंज। लखनऊ, सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव धनुआसाड़ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने समाजसेवी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्वर्गीय सत्यदेव सिंह यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्व. सत्यदेव सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों को याद किया।इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि स्व. सत्यदेव सिंह यादव ने अपने जीवनकाल में समाज के हर वर्ग की सेवा को प्राथमिकता दी। वे हमेशा गरीब, किसान और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण हमेशा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व कभी भुलाए नहीं जा सकते और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन सहदेव सिंह यादव, ग्राम प्रधान पदम सिंह यादव, पूर्व विधायक श्याम किशोर यादव, पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर, समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, राम सिंह यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण यादव, अभिषेक दीक्षित, अभिषेक सिंह, आर्यन सिंह तथा क्रिधव सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और समर्थकों की भारी भीड़ रही। पूरे आयोजन का माहौल श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में परिवार के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
