तीन दिन तक होटल में बंधक बनाकर किया गया दुष्कर्म, मुख्य आरोपी सहित पांचों को पुलिस ने भेजा जेल…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण करने, होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार बीते शुक्रवार को पीड़िता की भाभी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 16 वर्षीय ननद 17जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। बीते गुरुवार को जानकारी मिली कि दुर्गेश और उसकी पत्नी खुशबू उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। जब परिजन उसे वापस लेकर आए तो किशोरी ने बताया कि 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया अपने पति विनोद के साथ उसे बाइक से पीजीआई क्षेत्र स्थित एक होटल ले गई, जहां उसे कमरे में रखा गया। वहीं राबिया ने उसकी मुलाकात अपने परिचित द्वारिका रैदास से कराई, जिसने तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।पीड़िता की शिकायत पर मोहनलालगंज पुलिस बीएनएस की सुसंगत धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में गठित टीम ने विवेचना, साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास, विनोद रावत, दुर्गेश रावत, खुशबू और राबिया को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास ने अन्य आरोपियों की मिलीभगत से पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। वहीं विनोद, दुर्गेश और खुशबू ने साझा आपराधिक मंशा के तहत नाबालिग को बहला-फुसलाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर बंधक बनाए रखा। राबिया ने होटल में ठहराने और मुख्य आरोपी से मुलाकात कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।मोहनलालगंज के सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं विधिक प्रक्रिया के अनुरूप जारी है तथा यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
