एसीपी बोले तहरीर के आधार पर केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के हुलास खेड़ा गांव में आपसी विवाद के चलते एक युवती और उसके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हुलास खेड़ा गांव निवासी अंजली पुत्री स्वर्गीय सोहनलाल द्वारा मोहनलालगंज कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, बीते सोमवार देर शाम वह अपनी बहन कविता और माता मुन्नी के साथ घर पर बैठी थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले श्यामु व राजू पुत्रगण स्वर्गीय जगन्नाथ, इनके पुत्र राहुल, सुशील, दीपांशु, पुत्री रिया, रूपरानी तथा चंदन सहित अन्य लोग उनके घर पहुंच गए।पीड़िता का आरोप है कि सभी आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान अंजली, उनकी बहन कविता और माता मुन्नी को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।मारपीट की घटना के बाद पीड़िता ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है। साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
