थाना प्रभारी रविंद्र कुमार बोले— मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है…….
निगोहां, लखनऊ। निगोहा थाना क्षेत्र के कस्बा निगोहां में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जहां नशे की हालत में एक युवक ने अपनी ही स्कूटी में आग लगा दी। आग लगने से स्कूटी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही निगोहा पुलिस मौके पर पहुंची, आग पर काबू पाया और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार बीते मंगलवार की देर रात निगोहां कस्बा निवासी राजकुमार रावत पुत्र अहरवादीन ने नशे की हालत में अपनी स्कूटी में आग लगा दी। पूछताछ में उसने बताया कि स्कूटी स्टार्ट नहीं हो रही थी, जिससे नाराज होकर उसने उसमें आग लगा दी।स्कूटी पूरी तरह जल जाने के कारण उसका वाहन नंबर स्पष्ट नहीं हो सका। वहीं, युवक नशे की हालत में होने के कारण वाहन संख्या भी नहीं बता सका।थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने के आवश्यक प्रबंध किए। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है तथा युवक से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में स्वयं द्वारा स्कूटी में आग लगाने का प्रतीत होता है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
