निगोहां। निगोहां में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक का दाहिना हाथ ट्रक के पहिए के नीचे आ जाने से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया है।पुलिस के मुताबिक गुरुवार को करीब दो बजे ट्रक संख्या UP 81 FT 6510 का चालक तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। कस्बा निगोहां में ट्रक ने सामने से आ रही बाइक संख्या UP 32 NK 7839 में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।बाइक सवार सुखदेव पुत्र रामखेलावन निवासी लालपुर, थाना निगोहां को हल्की चोटें आईं, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार राजेश पुत्र शंकर निवासी लालपुर का दाहिना हाथ ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
