कृषि एवं सहकारिता से जुड़ी गतिविधियों का लिया जायजा, समिति परिसर में किया पौधारोपण……
मोहनलालगंज। लखनऊ,नाइजीरिया के कृषि मंत्री के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को निगोहा क्षेत्र की बी-पैक्स रघुनाथ खेड़ा समिति का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समिति द्वारा किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए संचालित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल के दौरे को कृषि एवं सहकारिता के क्षेत्र में अनुभवों के आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।निरीक्षण के दौरान नाइजीरिया के कृषि मंत्री ने बी-पैक्स रघुनाथ खेड़ा में समिति की कार्यप्रणाली, कृषि एवं सहकारिता से जुड़ी गतिविधियों तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों और समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें समिति के माध्यम से संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।इस अवसर पर समिति परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। नाइजीरिया के कृषि मंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कृषि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी महत्वपूर्ण बताते हुए पौधारोपण जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एआर कोऑपरेटिव लखनऊ वैशाली सिंह, जिला कृषि अधिकारी लखनऊ डॉ. मेनिका, सहायक अधिकारी सर्वेश कुमार समेत विभागीय अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल के साथ समिति की गतिविधियों की जानकारी साझा की।
वहीं बी-पैक्स रघुनाथ खेड़ा के सचिव संजय कुमार चौधरी सहित संतोष कुमार पाल, ओम प्रकाश और समिति का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। इसके अलावा कोऑपरेटिव एडीओ शिवकुमार वर्मा और एडीसीओ विनोद कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
नगराम के समेसी में कृषि फार्म हाउस भी पहुंचा प्रतिनिधिमंडल……
नाइजीरिया का प्रतिनिधिमंडल नगराम क्षेत्र के समेसी स्थित राजेश वर्मा उर्फ मुन्ना भइया के कृषि फार्म हाउस भी पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने कृषि गतिविधियों और खेती से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नाइजीरियाई कृषि मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय स्तर पर कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं को समझने और अनुभव साझा करने पर जोर रहा।विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, विदेशी प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा क्षेत्र में कृषि और सहकारिता से जुड़ी गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखने-समझने का अवसर भी रहा। बी-पैक्स रघुनाथ खेड़ा में किसानों से जुड़ी सहकारी गतिविधियों और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण दौरे का प्रमुख हिस्सा रहा।
