परिजनों का दावा करीब 40 लाख रुपये की चोरी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मीनापुर गांव में बुधवार रात बेखौफ चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर सो रहे थे, जबकि घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे दरवाजा खोलने पर चोरी की जानकारी हुई तो परिवार में हड़कंप मच गया।मीनापुर निवासी जितेन्द्र यादव पुत्र अवधेश यादव ने मोहनलालगंज पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रात में परिवार के सभी लोग घर के बाहर सो रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे उनकी भाभी ने दरवाजा खोला तो छत में लगी खिड़की टूटी मिली। घर के अंदर जाने पर दो कमरों की कुंडी कटी हुई थी और अलमारी में रखे चांदी के जेवरात समेत करीब 10 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।परिजनों के मुताबिक, चोरी गए जेवरात और अन्य सामान की कीमत मिलाकर करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि चोरी की वास्तविक कीमत पुलिस की जांच और सामान के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।खास बात यह रही कि एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह अवकाश पर होने के बावजूद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस टीम को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा……..
एसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पीड़ित परिवार से चोरी गए सामान और जेवरात की जानकारी ली जा रही है। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल…….
वहीं, घटना के बाद सिसेंडी चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों ने सवालिया निशान खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है। इतनी बड़ी चोरी की वारदात ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस सिर्फ मुकदमा दर्ज कर खानापूर्ति न करे, बल्कि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करे और चोरी गया माल बरामद किया जाए। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य बिंदुओं के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
