मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के टिकरा कल्ली पूरब गांव में गुरुवार शाम अवैध खनन से बने गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की।30 वर्षीय पहचान प्रदीप निवासी बहराइच के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रदीप तीन-चार दिन पहले ही गांव में आया था और घटनास्थल के पास घास काट रहा था।इसी दौरान क्रिकेट खेल रहे युवकों की गेंद पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। आरोप है कि क्रिकेट खेल रहे युवकों ने प्रदीप से गेंद निकालने के लिए पानी में उतरने को कहा। गड्ढा काफी गहरा होने के कारण उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और वह डूब गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकलवाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हरिकंश गढ़ी चौकी प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि मृतक एक क्रिकेट अकादमी में चौकीदारी का काम करता था। गुरुवार शाम अकादमी में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद पास में बने गहरे गड्ढे में चली गई। गेंद निकालने के लिए प्रदीप पानी में उतरा, लेकिन गहराई में जाने के बाद वह डूब गया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन से उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध खनन के चलते जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इन गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने अवैध खनन पर रोक लगाने के साथ ही गड्ढों को सुरक्षित कराने की मांग की है।
