डेढ़ घंटे किसानों से वार्ता के बाद भी नहीं निकला समाधान, बोले—आश्वासन नहीं अब चाहिए सड़क निर्माण की गारंटी…..
मोहनलालगंज। नगराम के कमलापुर-बिचिलखा माइनर से कुबहरा तक सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं मिलने से नाराज राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का धरना सोमवार को 13वें दिन भी कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर जारी रहा। किसानों के बढ़ते आक्रोश के बीच वन अधिकारी मोहनलालगंज श्रीमती शुर्भी श्रीवास्तव सोमवार को दल-बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचीं और किसानों के बीच बैठकर करीब डेढ़ घंटे तक वार्ता की, लेकिन वार्ता का कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका।किसानों का कहना है कि कमलापुर-बिचिलखा माइनर से कुबहरा तक सड़क निर्माण का मामला पीडब्ल्यूडी और वन विभाग के बीच फंसा हुआ है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर किसान 19 अगस्त से शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हैं। इससे पहले 21 अगस्त को पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता, वन विभाग के सहायक वन अधिकारी मोहनलालगंज और नायब तहसीलदार अपनी-अपनी टीमों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने मौके का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ पैमाइश भी की थी।उस दौरान वन विभाग के सहायक वन अधिकारी ने किसानों को भरोसा दिलाया था कि विभागीय स्तर से एक सप्ताह के भीतर एनओसी जारी करा दी जाएगी। वहीं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया था कि एनओसी मिलते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। लेकिन एक सप्ताह के आश्वासन के बाद दस दिन बीत जाने के बावजूद एनओसी जारी नहीं हुई, जिससे किसानों का सब्र जवाब दे गया।किसानों ने 29 अगस्त को वन विभाग, उपजिलाधिकारी और सहायक पुलिस आयुक्त को पत्र देकर एक सितंबर को वन विभाग कार्यालय मोहनलालगंज का घेराव कर प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद सोमवार को वन अधिकारी किसानों से वार्ता करने धरना स्थल पहुंचीं।
वार्ता के दौरान किसानों ने साफ कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं चाहिए। मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने कहा कि जब तक वन विभाग की ओर से एनओसी जारी नहीं की जाती, तब तक वार्ता का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर 12 बजे तक यदि पीडब्ल्यूडी और वन विभाग संयुक्त रूप से कागजी कार्रवाई पूरी कर एनओसी जारी नहीं करते हैं, तो क्षेत्रीय किसानों का दल वन विभाग कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने को मजबूर होगा।किसानों ने दो टूक कहा कि सड़क निर्माण में आ रही विभागीय अड़चन को तत्काल दूर कर एनओसी जारी की जाए, ताकि सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो सके।धरने के दौरान प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार, युवा ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र, जिला कोषाध्यक्ष राम प्रसाद फौजी, राम कुमार यादव, राम नरेश प्रधान नेवजखेड़ा, केशवराम, प्रधान पति रामकुमार, राम दुलारे मास्टर, देशराज यादव समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
