एक सितंबर को मोहनलालगंज वन विभाग कार्यालय के घेराव की तैयारी, माताओं-बहनों समेत बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील……
मोहनलालगंज। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने रविवार को कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर धरना देने के बाद आगामी एक सितंबर को वन विभाग कार्यालय मोहनलालगंज के घेराव को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया। संगठन के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के घर-घर पहुंचकर किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात की तथा अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की।पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि एक सितंबर को सुबह 10 बजे कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर सभी लोग एकत्र हों, जहां से सामूहिक रूप से वन विभाग कार्यालय मोहनलालगंज के लिए प्रस्थान किया जाएगा। संगठन ने किसानों से माताओं और बहनों को भी साथ लेकर धरना स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया।राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि संबंधित मामलों में वन विभाग द्वारा आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक विभाग की ओर से एनओसी जारी नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि एक सितंबर को वन विभाग कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के सामने किसानों की मांगों को रखा जाएगा। संगठन की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि एनओसी जारी नहीं किया गया तो किसान वन विभाग के कार्यालय पर अपना जमावड़ा बनाए रखेंगे। साथ ही संगठन ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर गांव सभा की सड़कों पर वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के आवागमन का विरोध किया जाएगा।किसान संगठन की ओर से बताया गया कि कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर ग्रामीणों का धरना लगातार जारी रहेगा। रविवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से आंदोलन को मजबूत करने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।जनसंपर्क अभियान में प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला महामंत्री राम सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ साहब दीन फौजी, तहसील अध्यक्ष रामकुमार, युवा ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र, जंगबहादुरगंज, केशव राम लोधी, रामकुमार प्रधान पति समेत संगठन के दर्जनों पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
