समेसी पावर हाउस में ढाई घंटे तक ठप रही आपूर्ति, फीडर चालू होने के बाद दोबारा आया फाल्ट……
नगराम। नगराम के समेसी पावर हाउस 33/11 केवी में रविवार को मरम्मत कार्य के चलते समेसी टाउन, बहरौली, मीरखनगर और नगराम समेत चारों 11 केवी फीडरों की बिजली आपूर्ति करीब ढाई घंटे तक बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच अचानक बिजली गुल होने से करीब 200 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक बिजली न आने से घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए, वहीं पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई।बिजली विभाग की ओर से रविवार को समेसी पावर हाउस के 33/11 केवी सिस्टम में आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा था। इसके तहत नगराम और समेसी टाउन फीडर के वीसीबी पैनल की सीटी बदलने के लिए शटडाउन लिया गया। शटडाउन के चलते दोनों फीडरों के साथ ही अन्य संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।उपभोक्ताओं के मुताबिक सीटी बदलने का काम पूरा होने के बाद जब फीडर को चालू किया गया तो कुछ ही देर बाद लाइन में फाल्ट आ गया। इसके चलते बिजली आपूर्ति एक बार फिर बाधित हो गई। पहले से बिजली कटौती झेल रहे उपभोक्ताओं को दोबारा बिजली गुल होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि यदि सीटी बदलने का कार्य निर्धारित शटडाउन के दौरान ही पूरी तरह कर लिया जाता और लाइन की जांच कर ली जाती तो दोबारा बिजली बंद करने की नौबत नहीं आती।ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में दिन के समय कई घंटे बिजली बाधित रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हुई। बिजली न रहने से घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ ही पानी की मोटरें भी नहीं चल सकीं। वहीं दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नुकसान उठाना पड़ा।अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि 33 केवी इनकमिंग पैनल में मरम्मत कार्य कराया जा रहा था। इसके लिए 132 केवी खुजेहटा पावर हाउस से शटडाउन लिया गया था। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया। लाइन में फाल्ट आने के कारण कुछ समय के लिए दोबारा आपूर्ति प्रभावित हुई। फाल्ट को दूर करने के बाद शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
