निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के बरवलिया गांव में मकान निर्माण के दौरान कच्ची कोठरी गिरने से करीब एक लाख रुपये के नुकसान का मामला सामने आया है। पीड़ित ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत की, जिस पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक बरवलिया निवासी दुर्गा प्रसाद पुत्र रामप्रसाद ने तहरीर दी कि गांव में उसके घर के सामने विपक्षी अपना मकान बनवा रहे थे। आरोप है कि मकान के किनारे खाली जगह में मिट्टी की पर्याप्त भराई नहीं कराई गई और स्लैब का किनारा भी नहीं भराया गया। इसके चलते उसकी करीब 35 फीट लंबी कच्ची कोठरी भरभराकर गिर गई।कोठरी के मलबे में रखा भूसा, सीमेंट और सरिया दब गया, जिससे भूसा खराब होने समेत करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही गई है। पीड़ित दुर्गा प्रसाद का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में विपक्षियों से शिकायत की तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट और झगड़े पर आमादा होकर जान से मारने की धमकी दी। वही इस मामले में निगोहां पुलिस ने अंजनी पुत्र महादेव, सक्षम पुत्र अंजनी, रेनू पत्नी अंजनी और महादेव पुत्र जोगई, सभी निवासी बरवलिया के खिलाफ बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार यादव को सौंपी गई है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस की कार्रवाई जारी है।
