निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के शेखनखेड़ा मजरा उतरांवा गांव में सोमवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने युवक, उसकी मां और भाई के साथ लाठी-डंडों के अलावा कुल्हाड़ी व फरसे से मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।पुलिस के मुताबिक गांव निवासी सत्यम पुत्र भंवरेश्वर ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में अजीत पुत्र नन्दलाल, अशिका पुत्री सुनील और सुनील की पत्नी ने उसके साथ-साथ उसकी मां व भाई शिवा के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमले में लाठी-डंडों के साथ कुल्हाड़ी और फरसे का भी इस्तेमाल किया गया तथा आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में निगोहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
