मोहनलालगंज। मोहनलालगंज तहसील के निकट रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूकेलिप्टस का विशालकाय पेड़ अचानक भरभराकर सड़क और आसपास की दुकानों पर जा गिरा। पेड़ की चपेट में आने से बिजली की लाइन भी दुकानों पर गिर गई और तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। बिजली विभाग की तत्परता से आनन-फानन बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
हादसे के दौरान तहसील से लौट रहे समेसी निवासी रामतीर्थ शर्मा अपनी बाइक समेत पेड़ के नीचे दब गए। हादसे में वह घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रामतीर्थ को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर भर्ती कराया।
वहीं, मऊ निवासी धर्मेंद्र रेलवे क्रॉसिंग के पास ठेले पर केला बेच रहे थे। अचानक पेड़ गिरता देख उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनका ठेला पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। मऊ निवासी मोटरसाइकिल मैकेनिक इशरत की गुमटी भी पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। गुमटी के पास खड़ी एक अन्य व्यक्ति की बाइक भी पेड़ की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में चिनहट निवासी टेम्पो मैकेनिक की झोपड़ी के नीचे चल रही दुकान को भी नुकसान पहुंचा। पेड़ के नीचे दबने से उनकी स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बिजली की लाइन टूटकर दुकानों के ऊपर गिरने के बाद चिंगारियां निकलने से लोगों में दहशत फैल गई थी। गनीमत रही कि बिजली विभाग ने तत्काल आपूर्ति बंद कर दी, वरना पेड़ के नीचे दबे लोगों और आसपास मौजूद दुकानदारों के बीच करंट फैलने से बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
