मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर करीब 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया युवक की मौत किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से होना बताया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7 बजे मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन से थाने पर सूचना मिली कि किमी संख्या 1054/23 से 1054/25 के बीच, गेट संख्या 199ए स्थित पुरसैनी रेलवे क्रॉसिंग से करीब 50 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है।सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान 25वर्षीय सचिन कश्यप पुत्र राम खिलावन, निवासी गोपालखेड़ा, थाना मोहनलालगंज के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।जानकारी के अनुसार सचिन जेप्टो कंपनी में डिलीवरी का काम करता था। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
