अधिकारियों के आने का दावा निकला झूठा, किसानों ने दी चेतावनी—समाधान नहीं हुआ तो नहीं मनाएंगे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर चल रहा किसानों का धरना गुरुवार को 16वें दिन भी जारी रहा। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनने की उम्मीद उस समय टूट गई, जब विभाग का कोई उच्चाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे धरने पर बैठे किसानों में नाराजगी देखने को मिली।किसानों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से लगातार अधिकारियों के धरना स्थल पर आने और समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अधिकारी मौके पर पहुंचने के बजाय केवल आश्वासन तक सीमित हैं। गुरुवार को भी अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर किसानों ने इसे विभाग की टालमटोल की नीति बताया।धरना स्थल पर मौजूद नगराम थाना प्रभारी तथा दरोगा उमाशंकर और चंद्रराज ने किसानों को बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग के उच्चाधिकारी गुरुवार को न्यायालय की कार्यवाही में व्यस्त होने के कारण धरना स्थल पर नहीं आ सकेंगे। अधिकारियों के शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक धरना स्थल पर पहुंचने की बात कही गई। इस पर किसानों ने स्पष्ट किया कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
पूर्व सैनिकों की टीम ने किसानों को दिया समर्थन………
गुरुवार को धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों की टीम भी पहुंची। पूर्व सैनिकों ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में देश की रक्षा करने का संकल्प लिया था और सेवा से निवृत्त होने के बाद भी जनहित के मुद्दों पर उनकी जिम्मेदारी समाप्त नहीं हुई है।उन्होंने कहा कि यदि जनहित में सड़क निर्माण में किसी प्रकार की अड़चन आती है और किसानों के हित प्रभावित होते हैं तो सभी पूर्व सैनिक किसानों के साथ खड़े रहेंगे। जरूरत पड़ने पर आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का भी आश्वासन दिया।मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने धरना स्थल पर पहुंचे सभी पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया।धरने पर मौजूद किसानों ने मोहनलालगंज के उपजिलाधिकारी की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। किसानों का कहना था कि 16 दिनों से धरना चल रहा है, इसके बावजूद उनकी समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।किसानों ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए कहा कि यदि शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचकर उनकी समस्या का उचित समाधान नहीं करते हैं तो धरने पर बैठे किसान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव नहीं मनाएंगे। किसानों ने कहा कि वे भगवान श्रीकृष्ण में आस्था रखते हैं, लेकिन लंबे समय से लंबित जनहित की समस्या का समाधान न होने से वे आहत हैं।
धरने में प्रदेश अध्यक्ष प्रताप बहादुर, प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार, युवा ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार यादव, रामपाल राजपूत, केशवराम लोधी, प्रेमचंद, अखिलेश यादव, अमृतलाल, राम प्रसाद फौजी, सुरेंद्र कुमार, पुनवासी, केशवराम लोधी, राम कुमार प्रधान पति, रामनरेश प्रधान समेत सैकड़ों किसान व संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
