मोहनलालगंज, इटौंजा व मलिहाबाद क्षेत्र के वाहन होंगे प्रभावित, परिवहन विभाग की समिति करेगी मंथन…..मोहनलालगंज, लखनऊ। लखनऊ महानगर के देहाती क्षेत्रों मोहनलालगंज, इटौंजा, मलिहाबाद समेत अन्य केंद्रों से संचालित 16 किलोमीटर परिधि वाले सीएनजी विक्रम टेम्पो टैक्सी परमिट के स्थान पर सीएनजी ऑटो रिक्शा परमिट दिए जाने के प्रस्ताव पर शनिवार को अहम बैठक होगी। परिवहन विभाग द्वारा गठित समिति प्रस्ताव के विभिन्न पहलुओं, यातायात व्यवस्था और यात्रियों को होने वाले संभावित लाभ का अध्ययन करेगी।संभागीय परिवहन प्राधिकरण लखनऊ की 14 मई 2026 को हुई बैठक में अवध सीएनजी टेम्पो टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष मारिफ अली खान मारूफ के प्रत्यावेदन पर इस संबंध में समिति गठित की गई थी। समिति को सभी परिस्थितियों का अध्ययन कर अपनी संस्तुति देने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद प्रकरण को संभागीय परिवहन प्राधिकरण की आगामी बैठक में विचार के लिए रखा जाएगा।संभागीय परिवहन अधिकारी प्रभात पाण्डेय की ओर से 31 अगस्त को जारी पत्र के मुताबिक समिति की बैठक 5 सितंबर को दोपहर 12 बजे आरटीओ प्रवर्तन कार्यालय, ट्रांसपोर्ट नगर के सभागार में प्रस्तावित है। बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, एआरटीओ प्रवर्तन समेत संबंधित अधिकारी तथा टेम्पो-ऑटो यूनियनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।एसोसिएशन अध्यक्ष मारिफ अली खान ने अपने प्रत्यावेदन में कहा है कि वर्ष 2022 में रूट परमिट वाले सीएनजी टेम्पो के स्थान पर सीएनजी ऑटो लिए जाने के संबंध में आदेश हुआ था, लेकिन 16 किलोमीटर केंद्र परमिट वाले टेम्पो इसके दायरे में नहीं आए। उन्होंने इन परमिटों के स्थान पर भी सीएनजी ऑटो रिक्शा का परमिट दिए जाने की मांग की है।प्रत्यावेदन में तर्क दिया गया है कि टेम्पो अपेक्षाकृत अधिक सड़क स्थान घेरते हैं, जबकि ऑटो रिक्शा कम जगह में संचालित हो सकते हैं। इससे यातायात जाम की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही ऑटो रिक्शा की बुकिंग सुविधा के चलते यात्रियों को अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलने का दावा किया गया है।अब समिति की बैठक में प्रस्ताव के व्यावहारिक पक्ष, यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा समेत विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जाएगा। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ होगा।
