मोहनलालगंज। शिक्षक दिवस के अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय भगवानपुर इमिलिहा खेड़ा में वन विभाग की टीम ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यालय परिसर में पौधा लगाकर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम में मोहनलालगंज वन रेंजर शुभ श्रीवास्तव और डिप्टी रेंजर मोहम्मद रईस खान के साथ क्षेत्रीय वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। पर्यावरण को सुरक्षित और संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही उनकी नियमित देखभाल भी आवश्यक है।शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में वन विभाग की टीम ने विद्यालय के बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल और चॉकलेट वितरित कीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। विद्यार्थियों ने भी पौधरोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और लगाए गए पौधे की देखभाल करने का संकल्प लिया।वन विभाग की इस पहल से विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गुरुजनों के प्रति सम्मान का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण अभियान की सराहना करते हुए बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।
