धार्मिक जयकारों से गूंजा नगराम क्षेत्र, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने लिया शोभायात्रा में हिस्सा
नगराम, लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के बाद बलसिंह खेड़ा गांव में मंगलवार को आस्था और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गांव से गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य रामडोल शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। धार्मिक जयकारों और भक्ति गीतों से नगराम क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। बलसिंह खेड़ा निवासी लाल बाबू के आवास पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया था। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर रामडोल की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रामडोल शोभायात्रा गांव से निकलकर नगराम क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए शारदा सहायक नहर तक पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जगह-जगह लोगों ने प्रसाद और पानी का वितरण किया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु धार्मिक जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर विकास पटेल, अमित वर्मा, विजय कुमार, मुन्नीलाल साहू, सर्वेश कुमार, दुर्गेश कुमार, हरिभजन, सुनील कुमार, रमाकांत वर्मा, अनुज कुमार, लालजी वर्मा, कृष्ण कुमार, पूर्व प्रधान फूलचंद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
