मोहनलालगंज, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से अवैध निर्माण के चलते सील की गई दो व्यावसायिक संपत्तियों में दोबारा कारोबार शुरू करने का मामला सामने आया है। एलडीए की शिकायत पर मोहनलालगंज पुलिस ने अमन खान, नवल किशोर दूबे दुर्गा ट्रेडर्स समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में एलडीए की ओर से पहले ही संपत्तियों को सील कर दिया गया था, लेकिन हाल में निरीक्षण के दौरान सील टूटी मिली और वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं।पहला मामला मोहनलालगंज के पुरसैनी स्थित रायबरेली रोड का है। यहां अमन टाइल्स के नाम से संचालित प्रतिष्ठान में अमन खान व अन्य पर बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराने का आरोप है। एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक, मामले में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27(1) और 28(1) के तहत ऑनलाइन केस दर्ज किया गया था। कार्रवाई के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर मामले को विहित प्राधिकारी न्यायालय के समक्ष रखा गया।न्यायालय ने 10 नवंबर 2025 को धारा 28-क(1) के तहत संपत्ति को सील करने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में एलडीए की टीम ने 29 नवंबर 2025 को अमन टाइल्स की संपत्ति और उससे जुड़ी सुविधाओं को सील कर दिया था।एलडीए टीम ने मंगलवार को मौके का निरीक्षण किया तो आरोप है कि पूर्व में लगाई गई सील को हटा कर तोड़ दिया गया था। साथ ही परिसर में दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। इसके बाद एलडीए की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई, जिस पर पुलिस ने अमन खान व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।दूसरा मामला मोहनलालगंज के माधवखेड़ा स्थित दुर्गा ट्रेडर्स से जुड़ा है। एलडीए के अनुसार, यहां नवल किशोर दूबे व अन्य द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के अवैध निर्माण कराया गया था। इस मामले में भी प्राधिकरण की ओर से ऑनलाइन केस दर्ज किया गया था।अवैध निर्माण जारी रहने पर विहित प्राधिकारी न्यायालय ने 10 नवंबर 2025 को संपत्ति को सील करने का आदेश जारी किया। आदेश के बाद 22 नवंबर 2025 को दुर्गा ट्रेडर्स की संपत्ति और उससे जुड़ी सुविधाओं को सील कर दिया गया। संपत्ति की निगरानी के संबंध में 26 नवंबर 2025 को संबंधित विभाग की ओर से पत्र भी जारी किया गया था।
इसके बावजूद मंगलवार को एलडीए टीम के निरीक्षण में सील टूटी मिली। आरोप है कि सील हटाकर परिसर में दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी गई थीं। मामले में एलडीए की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नवल किशोर दूबे व अन्य के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।एक ही दिन किए गए निरीक्षण में दो अलग-अलग संपत्तियों पर सील तोड़कर दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू किए जाने का मामला सामने आने से एलडीए की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में दर्ज मुकदमों के आधार पर जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि सील कब और किसके द्वारा तोड़ी गई तथा सील तोड़ने के बाद व्यावसायिक गतिविधियां किस स्तर पर संचालित की जा रही थीं।
