मोबाइल, नकदी और कार की चाबी छीनी, बेहोशी की हालत में अस्पताल के पास छोड़ने का दावा…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के उदवत खेड़ा गांव में रुपये के लेनदेन को लेकर युवक को कथित तौर पर कमरे में बंद कर लाठी-डंडे, हॉकी और लोहे की रॉड से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन, नकदी और कार की चाबी भी छीन ली गई। हालत बिगड़ने पर आरोपित उसे बेहोशी की हालत में सेक्टर-10 स्थित स्कोप अस्पताल के पास छोड़कर चले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-10 निवासी अजय चौरसिया ने मोहनलालगंज पुलिस को दी तहरीर में हितेंद्र मिश्रा, आदर्श, विशाल सिंह, प्रदीप समेत चार-पांच अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अजय के मुताबिक, उसका हितेंद्र मिश्रा से रुपयों का लेनदेन चल रहा था। सात सितंबर की शाम करीब सात बजे हितेंद्र ने बकाया रकम देने की बात कहकर उसे उदवत खेड़ा स्थित अपने ऑफिस बुलाया था।पीड़ित का आरोप है कि वह अपने एक दोस्त के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां रुपये देने के बजाय उसे कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि कमरे में मौजूद लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडे, हॉकी और लोहे की रॉड से उसकी पिटाई कर दी।अजय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन, नकदी और वाहन की चाबी भी छीन ली। लगातार पिटाई से वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित उसे सेक्टर-10 स्थित स्कोप अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गए।पीड़ित के मुताबिक, होश में आने के बाद उसने अपने मित्र अनिषेक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद अनिषेक ने उसकी तहरीर लिखकर पुलिस को दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और छीना गया सामान बरामद कराने की मांग की है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
