संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
मोहनलालगंज, लखनऊ समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 176 विधानसभा क्षेत्र मोहनलालगंज के करसंडा गांव निवासी राम कुमार रावत को लखनऊ जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।राम कुमार रावत ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा के अनुरूप कार्य करने तथा संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के अनुमोदन के बाद उन्हें लखनऊ जिला सचिव मनोनीत किया गया।जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत के समक्ष राम कुमार रावत ने जिला सचिव का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और संगठन के हित में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
पदभार ग्रहण करने के बाद राम कुमार रावत ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाने का काम करेंगे।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और आपसी एकजुटता से ही संगठन को और मजबूत बनाया जा सकता है। आने वाले समय में वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने तथा अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने के लिए प्रयास करेंगे।कार्यक्रम में पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर, जिला महासचिव शब्बीर खान, विधानसभा अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा, भारत यादव, राम किशोर रावत, संतोष रावत, अनिल पासी, अशर्फी लाल धीमान, अर्चना रावत, तीरथराम रावत, हरीशंकर रावत, अमित रावत, आलोक रावत, गोलू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। सभी ने राम कुमार रावत को जिला सचिव बनाए जाने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
