बैनामा कराने के नाम पर महिला से रुपये लेने का आरोप, जमीन की रजिस्ट्री नहीं की और रकम मांगने पर दी धमकी…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।पुलिस के मुताबिक, वृंदावन योजना थाना पीजीआई निवासी श्रीमती गुड्डी पत्नी स्वर्गीय दयाशंकर ने वर्ष 2025 में मोहनलालगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि विपक्षी पक्ष ने जमीन का बैनामा कराने के नाम पर उनसे रुपये ले लिए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद जमीन का बैनामा नहीं किया गया। जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान-माल की धमकी भी दी।शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी किए जाने से संबंधित साक्ष्य मिले। मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।मोहनलालगंज पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के साथ ही संपर्क सूत्रों की मदद से मामले में वांछित आरोपी की तलाश की। बुधवार को पुलिस ने सुनील कुमार पुत्र श्याम, निवासी हसनपुर, थाना नगराम, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, मामले में पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है। सालिक राम पुत्र स्वर्गीय गंगादीन निवासी अहमदपुर आजमअली, थाना नगराम को छह अप्रैल 2026 को तथा संगीता देवी पत्नी सालिक राम को 12 जुलाई 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
