एसीपी आर.के. सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता, नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी……
मोहनलालगंज। रायबरेली-लखनऊ मार्ग पर हरि रेस्टोरेंट के पास अंडरग्राउंड केबल चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को मोहनलालगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो बंडल काले रंग की केबल और चोरी में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात कबूल की है। बीते बुधवार, की रात को रायबरेली-लखनऊ मार्ग स्थित हरि रेस्टोरेंट के पास से करीब 50.60 मीटर अंडरग्राउंड केबल काटकर चोरी कर ली गई थी। इसी मामले में सत्य प्रकाश निवासी तरसावां, थाना मिश्रिख, सीतापुर की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी मोहनलालगंज आर.के. सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद ली। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकेश निवासी चमयानी सिंहपुर, थाना पुरवा, उन्नाव, अंकित वर्मा निवासी स्नेहलनगर, थाना कृष्णानगर, लखनऊ और गौरव श्रीवास्तव निवासी चिल्लावां, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ के रूप में हुई है।पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि तीनों आपस में मित्र हैं और नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वे मिलकर चोरी करते थे। रास्ते में जो भी कीमती सामान दिखाई देता, मौका पाकर उसे चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान अंकित के ऑटो में रखकर ले जाया जाता था और बेचने के बाद मिले रुपये आपस में बांट लिए जाते थे।
आरोपितों ने पुलिस को बताया कि बुधवार की मध्यरात्रि की रात उन्होंने हरि रेस्टोरेंट के पास रायबरेली-लखनऊ रोड से अंडरग्राउंड केबल चोरी की थी। चोरी की गई केबल को कुछ दूरी पर झाड़ियों में छिपा दिया था। शुक्रवार को तीनों उसी केबल को बेचने के लिए ले जाने की तैयारी में थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित मुकेश के खिलाफ पहले से भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कृष्णानगर थाने में वर्ष 2021 में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हुए थे। वहीं वर्तमान मामले में उसके खिलाफ मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज है।पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। चोरी की घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस टीम की सक्रियता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।
